देश के आर्थिक विकास का आधार गांव से ही खड़ा होगा: दिनेश कुलकर्णी
भारतीय किसान संघ चित्तौड़ प्रांत का संभागीय अभ्यास वर्ग प्रारम्भ
कोटा, 6 फरवरी।
भारतीय किसान संघ चित्तौड़ प्रांत का संभागीय अभ्यास वर्ग गुरुवार से जाखोड़ा स्थित श्री रामशांताय जैविक कृषि अनुसंधान केंद्र पर प्रारंभ हुआ। इस दौरान भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, अखिल भारतीय बीज प्रमुख कृष्ण मुरारी तथा अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य कैलाश गेंदोलिया मौजूद रहे।
इस दौरान संबोधित करते हुए दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि देश की आर्थिक विकास का आधार गांव से ही खड़ा होगा। हर गांव में हमें ग्राम समितियों के माध्यम से नैतिक और सामूहिक नेतृत्व खड़ा करना होगा। उन्होंने कहा कि देश में 12 करोड़ से अधिक किसान हैं और उनके परिवारों को भी जोड़ दें तो यह संख्या 65- 70 करोड़ तक पहुंच जाती है।ऐसे में, किसान, खेती, गांव की अनदेखी करके देश का विकास संभव नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ गैर राजनीतिक संगठन है। जिस प्रकार से मंदिर में जाते समय जूतियां बाहर खोल कर जाते हैं। उसी प्रकार से संगठन में आने पर अपनी राजनीतिक विचारधारा को बाहर छोड़कर आना पड़ता है। दिनेश कुलकर्णी ने बताया कि हमने कभी नहीं कहा कि चाहे जो मजबूरी हो हमारी मांगे पूरी हो, हमारा ध्येय वाक्य सदैव “देश के हम भंडार भरेंगे और कीमत पूरी लेंगे” का रहा है। उन्होंने कहा कि हमें गांव को परिवार मानते हुए स्वावलंबी नवयुवक तैयार करने हैं।
अभ्यास वर्ग में सम्भाग अध्यक्ष गिरिराज चौधरी, प्रदेश कोषाध्यक्ष शिवराज पुरी, प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा, प्रांत महामंत्री अंबालाल शर्मा, संगठन मंत्री परमानंद, विक्रम सिरोहिया, रजनी धाकड़, श्रीकृष्ण पाटीदार, संतोष दुबे, अमृतलाल मीणा समेत कईं लोग मौजूद रहे।
प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने बताया कि अभ्यास वर्ग के दौरान भेरूलाल अहीर को संभागीय विधि प्रमुख तथा संतोष नागर को संभाग महिला प्रमुख के रूप घोषणा की गई। जिला मंत्री रूपनारायण यादव ने बताया कि अभ्यास वर्ग का समापन शुक्रवार को होगा।


Leave feedback about this